पंखों वाली अनोखी मछली

पंखों वाली अनोखी मछली



घने पंखों वाली ऐसी मछली शायद ही कहीं देखने को मिली हो! जानते हो, इस प्यारी मछली का नाम क्या है? प्यारी-सी दिखने वाली इस मछली का नाम है बेट्टा। सुंदर पंखों की वजह से इस मछली को खास एक्वेरियम में रखा जाता है। यह बहुत ही छोटी और काफी खुशमिजाज होती है, जो खासकर छोटे टैंक के लिए ही बनी है। आमतौर पर यह मछली अकेले रहना ही पसंद करती है। यह अम्लीय पानी (पीएच 6.5 से 7) और हल्के गर्म पानी में रहना पसंद करती है। इसको ज्यादा ठंड पसंद नहीं है। इन मछलियों की पूंछों का आकार अलग-अलग होता है। किसी की पूंछ आधा चांद जैसी दिखती है, तो किसी की क्राउन टेल की तरह।


यह मूलत: दक्षिण-पूर्व एशिया की स्थानीय मछली है और इसे चावल के खेतों में जमा पानी में पाया जाता है। थाईलैंड में इस मछली  को प्लाकड के नाम से जाना जाता है और अकसर  इसे वहां 'द ज्वेल ऑफ द ओरिएंट' कहा जाता है।


लाल, नीले, बैंगनी और सफेद रंगों की इन मछलियों को कंटेनर में चलते देखना बहुत ही सुंदर लगता है। इनका आकार 6 से 8 से.मी. तक होता है। इसे तुम एक छोटे से जार या कंटेनर में भी 
रख सकते हो। 


हालांकि देखने में ये 
जितनी सुंदर होती हैं, उतना ही आक्रामक भी होती हैं। इसलिए एक ही कंटेनर में दो नर बेट्टा मछली को नहीं रखा जाता, क्योंकि ये आपस में लड़ती रहती हैं। 
वैसे इनको अकेला रहना ही ज्यादा पसंद होता है।